फिटनेस खत्म होने के बावजूद बच्चों को ढो रहा स्कूल वाहन सीज, ₹19 हजार का जुर्माना

DTN पिथौरागढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त होने के बावजूद बच्चों का परिवहन कर रहे एक स्कूल वाहन को सीज कर दिया गया। साथ ही वाहन स्वामी पर ₹19 हजार का जुर्माना भी लगाया गया।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम जनपद में स्कूली वाहनों का विशेष जांच अभियान चला रही है। इसी दौरान एक स्कूल वाहन की जांच की गई, जिसमें स्कूली बच्चे सवार थे। दस्तावेजों की पड़ताल में वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त पाया गया।

मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने तत्काल वाहन को सीज कर दिया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में कुल ₹19 हजार का चालान किया। साथ ही संबंधित विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि भविष्य में केवल वैध दस्तावेजों और निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले वाहनों का ही उपयोग किया जाए।

एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों से फिटनेस, बीमा, परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर नवीनीकृत रखने की अपील की।

परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की वैधता और सुरक्षा व्यवस्थाओं के प्रति सतर्क रहें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली वाहनों की विशेष जांच और सुरक्षा ऑडिट आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।