जनसुनवाई में गूंजे सड़क, पुल, सीवरेज और जनसुविधाओं के मुद्दे, डीएम ने दिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

दिव्यांग हरि राम को मिला कृत्रिम पैर, कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी का जताया आभार

DTN  पिथौरागढ़। जनसुनवाई दिवस के तहत आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क, पुल निर्माण, पेयजल, सीवरेज, नगर निकाय व्यवस्थाओं और जनसुरक्षा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामले प्रमुखता से उठाए गए।

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने अग्रून बैंड-आंवलाघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का मामला उठाते हुए बताया कि वर्ष 2006 में सड़क कटान होने के बावजूद मार्ग को अब तक विधिवत स्वीकृति नहीं मिल सकी है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग बेरीनाग को आवश्यक कार्रवाई कर स्वीकृति एवं सुधारीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में चण्डिका घाट में प्रस्तावित 80 मीटर मोटर पुल तथा उससे जुड़े 1.77 किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण का मुद्दा भी सामने आया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि पुल की डीपीआर शासन स्तर पर लंबित है और सड़क निर्माण पूर्ण न होने से परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न सड़कों की खराब स्थिति भी चर्चा का विषय रही। कुसेरी बैंड-सिलौनी-क्वीतड़ मार्ग, गुरना-भिलौत मोटर मार्ग तथा ऐंचोली-जाखपुरान-मेलडूंगरी सड़क के सुधारीकरण की मांग की गई। साथ ही पिथौरागढ़ सर्किट हाउस निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध भी किया गया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर स्थिति, सड़क पर बने गड्ढों और धूल प्रदूषण से लोगों को हो रही परेशानियों को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। ऐंचोली-स्यूनी-तोली मोटर मार्ग तथा ऐंचोली-बड़ाबे सड़क के निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जल निगम की सीवरेज योजना के पूर्ण रूप से संचालित न होने तथा “हेलो हेल्प” पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के संबंध में नगर पालिका बेरीनाग की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न योजनाओं में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग भी उठी।

नगर निगम पिथौरागढ़ से जुड़ी शिकायतों में बंद नालियां, जल निकासी की समस्या, खराब स्ट्रीट लाइटें, आवारा एवं आक्रामक कुत्तों का आतंक, पार्किंग व्यवस्था तथा दोपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की मांग प्रमुख रूप से सामने आई। जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी दौरान जनसुनवाई कार्यक्रम की एक सकारात्मक मिसाल भी सामने आई। तहसील क्षेत्र के चामाडूंगरा बीसाबजेड निवासी दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर हरि राम को जिला प्रशासन के प्रयासों से कृत्रिम पैर उपलब्ध कराया गया। कृत्रिम पैर मिलने के बाद सोमवार को हरि राम कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई का आभार व्यक्त किया।

हरि राम ने बताया कि पैर प्रभावित होने के कारण उन्हें दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों में भी अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह स्वयं कृत्रिम पैर बनवाने में सक्षम नहीं थे। ऐसे में उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम में अपनी समस्या रखी थी, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रशासन के समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप हरि राम को कृत्रिम पैर उपलब्ध कराया गया, जिससे अब वह पहले की अपेक्षा अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के कारण उन्हें नया जीवन मिला है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दिव्यांगजन, वृद्ध, निराश्रित एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों की समस्याओं के प्रति प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि जन समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।