DTN पिथौरागढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत आज जनपद मुख्यालय में “रन फॉर योगा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से रामलीला मैदान तक आयोजित जागरूकता रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सुरक्षा बलों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित करीब 650 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह सात बजे शुरू हुई रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा तथा जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. चन्द्रकला भैंसोडा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस और भारत की प्राचीन योग परंपरा के प्रति जागरूक करना तथा आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल, द एशियन एकेडमी स्कूल, हिमालया पब्लिक स्कूल, देव सिंह स्कूल, जीजीआईसी, जीआईसी, स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़, न्यू बीरसेवा पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।
इसके अलावा एनसीसी कैडेट्स, 14वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पीआरडी स्वयंसेवक, पुलिस जवान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी रैली में शामिल हुए।
रामलीला मैदान पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आयोजन के दौरान योग दिवस को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
