मानसून के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, दारमा-गुंजी मार्ग पर शाम 4 बजे बाद यात्रा न करने के निर्देश

DTN धारचूला। लगातार हो रही वर्षा और आगामी मानसून को देखते हुए प्रशासन ने दारमा घाटी और गुंजी क्षेत्र में यात्रा करने वाले लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। निर्माणाधीन मोटर मार्गों के बीच-बीच में बंद होने की आशंका और कई स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क की सीमित उपलब्धता को देखते हुए यात्रियों एवं वाहन चालकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।

जारी निर्देशों के अनुसार अति आवश्यक कार्यों को छोड़कर कोई भी कार्मिक, यात्री, टैक्सी चालक, निजी वाहन स्वामी अथवा अन्य वाहन चालक सायं चार बजे के बाद दारमा घाटी से धारचूला, धारचूला से दारमा घाटी, गुंजी से धारचूला तथा धारचूला से गुंजी की ओर यात्रा प्रारंभ नहीं करेंगे। यह निर्देश दोपहिया, चारपहिया तथा भारी वाहनों सहित सभी प्रकार के वाहनों पर लागू रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़कों पर भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना बनी रहती है। साथ ही कई स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क की सुविधा सुचारू नहीं होने से आपात स्थिति में सूचना के आदान-प्रदान में भी कठिनाई हो सकती है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

निर्देशों में कहा गया है कि मौसम खराब होने अथवा मार्ग बाधित होने की स्थिति में सभी कार्मिक, यात्री और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों पर रुककर आश्रय लें तथा जोखिम भरी यात्रा से बचें।

प्रशासन ने 7वीं वाहिनी आईटीबीपी छियालेख के कमांडेंट को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी धारचूला तथा थाना धारचूला, पांगला और गुंजी के प्रभारी निरीक्षकों को इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।