मुख्यमंत्री घोषणा के तहत कारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 2.64 करोड़ की स्वीकृति

चम्पावत-मंच-तामली मार्ग से मुख्य तोक कारी तक दो किमी सड़क होगी डामरीकृत, चालू वित्तीय वर्ष में कार्य होगा शुरू

DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में चम्पावत-मंच-तामली मोटर मार्ग से मुख्य तोक कारी मोटर मार्ग के दो किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के लिए 2 करोड़ 64 लाख 24 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही वर्ष 2026-27 में कार्य प्रारंभ कराने के लिए  प्रारंभिक धनराशि भी जारी की गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत विजन के तहत जनपद में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक आसान होगी।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।