बाजार से लापता चार वर्षीय मासूम को पुलिस ने सकुशल खोजा, माँ की आंखों से छलके खुशी के आंसू

सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने चलाया सर्च अभियान, सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जताया आभार

DTN पिथौरागढ़। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र से लापता हुए चार वर्षीय मासूम बच्चे को कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सकुशल खोज निकाला। पुलिस की शीघ्र कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र के बाजार से चार वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश शुरू की। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर बच्चे की लोकेशन का पता लगाया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सुरक्षित देखकर माँ भावुक हो गई और खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अभियान में यातायात पुलिस के कांस्टेबल सरफराज हुसैन, कांस्टेबल राकेश सिंह तथा होमगार्ड आशा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की।