जनसुनवाई में सड़क, पुल और वन भूमि हस्तांतरण के मुद्दे छाए, एडीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

DTN पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई दिवस में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती ने सड़क, पुल और वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

उन्होंने तुलानी–चण्डिका घाट रामगंगा नदी पर प्रस्तावित 80 मीटर मोटर पुल के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराने की मांग की। साथ ही बेरीनाग–रीठा–रैतोली–मुवानी मोटर मार्ग के शेष हिस्से, पोखरी–चौली–चण्डिका घाट सड़क, अगरून बैंड–आंवलाघाट मार्ग तथा देवलथल क्षेत्र की विभिन्न क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण और डामरीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग, श्रम कार्ड शिविर, स्कूल मार्ग की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, आर्थिक सहायता तथा गोरी नदी पर ट्रॉलियों के पास यात्री शेड निर्माण की मांग भी उठाई।

अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने सभी प्रकरणों की जांच कर निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित विभागों से आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।