DTN पिथौरागढ़। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 24 सितंबर को कार्यालय परिसर में एक दिवसीय लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में टाटा मोटर्स समेत 10 कंपनियां विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। रोजगार मेले का आयोजन सुबह 11 बजे से होगा।
रोजगार मेले में टाटा मोटर्स में ट्रेनी के 100 पद, जेडएफ राने ऑटो मोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में ऑपरेटर के 50 पद, इंटार्च बिल्डिंग प्रोडक्ट लिमिटेड में ट्रेनी के 50 पद और अशोक लेलैंड में ऑपरेटर के 30 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा टाटा इलेक्ट्रॉनिक में फीमेल ऑपरेटर के 75, बजाज ऑटो में ट्रेनी के 50, ईस्टमैन में एसोसिएट के 75, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस में बीडीएम के 20, पैनासोनिक में ऑपरेटर के 50 और सुजाता एप्लायंसेड प्राइवेट लिमिटेड में ऑपरेटर के 30 पदों के लिए चयन किया जाएगा।
इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आइटीआइ, डिप्लोमा और बीटेक योग्यता निर्धारित की गई है। अलग-अलग पदों के अनुसार अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 50 वर्ष तक रखी गई है। चयन प्रक्रिया और पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार मेले में उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी शंकर सिंह बोरा ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के प्रमाण पत्र, स्थायी एवं जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, चार पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लेकर आएं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का भत्ता या मार्ग व्यय देय नहीं होगा।

