सीएम के दौरे की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, इंजीनियरिंग छात्रों को बताए सफलता के मंत्र

DTN टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक सितंबर को टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रस्तावित भ्रमण और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज संस्थान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, नवनिर्मित बालिका छात्रावास, नए सृजित संकायों समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और संस्थान प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित संस्थान के विस्तारीकरण और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक व आवासीय सुविधाएं विकसित करने के साथ ही आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एचएल मंडोरिया और प्रबंधन टीम के साथ परिसर का निरीक्षण किया। नवनिर्मित गर्ल्स हॉस्टल, नए सृजित संकायों और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को ध्यान में रखकर सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि संस्थान के विस्तारीकरण के लिए चार हेक्टेयर भूमि क्षतिपूरक वनीकरण (कैम्पा) के अंतर्गत आवंटित की जा चुकी है। वर्तमान में कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के माध्यम से केएमएल फाइल अपलोडिंग और परिवेश पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकृतियों से संबंधित प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

छात्रों से किया संवाद, बताए सफलता के मंत्र

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में आयोजित इंट्रोडक्शन प्रोग्राम-एक्सपर्ट टॉक ऑन रोल ऑफ इंजीनियर इन द डेवलपमेंट ऑफ सोसाइटी में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए इंजीनियरिंग शिक्षा, करियर निर्माण और समाज के विकास में इंजीनियरों की भूमिका पर विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य का स्पष्ट होना जरूरी है। विद्यार्थियों को अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। चुनौतियों से घबराने के बजाय धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ उनका सामना करना चाहिए।

डीएम ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को पहले से पढ़कर आएं, नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहें और रिवीजन की आदत विकसित करें। पढ़ाई के साथ फिजिकल फिटनेस, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दें। उन्होंने इंडस्ट्रियल विजिट, मॉक अभ्यास और प्रैक्टिकल लर्निंग को दिनचर्या में शामिल करने की बात कही।

उन्होंने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर राज्य की विविधता को समझने का आह्वान किया। साथ ही नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रयास करने की अपील की।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने टॉपर बनने की रणनीति, परीक्षा के तनाव, समय प्रबंधन और करियर प्लानिंग से जुड़े सवाल पूछे। जिलाधिकारी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें व्यावहारिक सुझाव दिए और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।