DTN टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रदेश में पर्यटन एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्रों के कायाकल्प की दिशा में प्रस्तावित मां पूर्णागिरि माता रज्जू मार्ग (रोपवे) परियोजना का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे परियोजना श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने को भी कहा।
प्रोजेक्ट मैनेजर रोपवे महेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रहे रोपवे की कुल लंबाई लगभग 950 मीटर और ऊंचाई करीब 250 मीटर होगी। यह अत्याधुनिक ‘ट्राई केबल जिग बैक’ सिस्टम पर आधारित होगा। परियोजना के तहत दो केबिन लगाए जा रहे हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 60+1 यात्रियों की होगी। रोपवे से प्रति घंटे करीब 800 यात्रियों को परिवहन सुविधा मिल सकेगी। श्रद्धालु करीब पांच मिनट में रोपवे के माध्यम से मां पूर्णागिरि धाम पहुंच सकेंगे।
परियोजना के पूरा होने से वृद्धजनों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने में विशेष सुविधा मिलेगी। यात्रा समय कम होने से श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित धार्मिक पर्यटन अनुभव भी मिलेगा। रोपवे के संचालन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
