DTN चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल (01 सितंबर) चंपावत जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह टनकपुर में खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद बनबसा में नवनिर्मित सैनिक स्मारक का लोकार्पण करेंगे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे खटीमा से कार द्वारा प्रस्थान कर 12:30 बजे स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:30 से दो बजे तक आयोजित खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
इसके बाद दोपहर 2:05 से 2:35 बजे तक मुख्यमंत्री का समय पर्यटक आवास गृह, टनकपुर में आरक्षित रहेगा। वह 2:40 बजे कार से टनकपुर से बनबसा के लिए रवाना होंगे और अपराह्न तीन बजे सैनिक स्मारक पहुंचेंगे। यहां वह नवनिर्मित सैनिक स्मारक के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
सैनिक स्मारक के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 3:45 बजे बनबसा से कार द्वारा खटीमा के लिए रवाना होंगे और शाम चार बजे खटीमा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
