DTN कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन सत्र 2026-27 में 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण, मिनी स्टेडियम का निर्माण और कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण शामिल है।

राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि मातृशक्ति का साहस, संघर्ष और परिश्रम पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। महिलाओं का सम्मान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें समान अवसर और निर्णय लेने की स्वतंत्रता देना ही वास्तविक सशक्तिकरण है।
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करने, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण कराने, मिनी स्टेडियम बनाने और गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण कराने की घोषणा की। इसके अलावा कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण तथा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा की।

पहाड़ की महिलाओं का मनोबल हिमालय से ऊंचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खेती, पशुपालन, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों को संभालते हुए प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी माता को सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। माता का संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है। पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उज्ज्वला, जनधन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से भी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड महिला आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इससे करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करना भी महिलाओं को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समाराेह में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और महिलाएं मौजूद रहीं।
