DTN कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपित को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पर ₹1,500 का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से साइबर ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं।

09 बैंक खातों में पहुंची करीब ₹1.50 करोड़ की ठगी की रकम
पुलिस के अनुसार, एक पीड़ित से फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करीब ₹3.86 लाख की साइबर ठगी की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के 09 बैंक खातों का पता चला। इन खातों में अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों से करीब ₹1.50 करोड़ की धनराशि आने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब ₹7 लाख की रकम फ्रीज कराई है।
कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के विरुद्ध कोलकाता, काशी, कर्नाटक, अमृतसर और तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों से साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब इन शिकायतों और बैंक खातों के लेनदेन की भी जांच कर रही है, जिससे ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। आरोपित से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है।
