257 करोड़ की लागत से बन रहे गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण

DTN चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज छमानिया स्थित निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना के विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हॉस्टल ब्लॉक, टाइप-2 एवं टाइप-3 आवासीय ब्लॉक, वॉलीबाल एवं फुटबाल ग्राउंड, मल्टीपर्पज हॉल सहित विभिन्न खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के प्रत्येक कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों में आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों को चरणबद्ध और समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। यहां विकसित होने वाली आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, प्रोजेक्ट मैनेजर केशव महाराज सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।