DTN चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनसमस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1905 के तहत चंपावत जिले में अगस्त माह में 702 शिकायतें दर्ज की गईं। जिला प्रशासन ने इनमें से 591 शिकायतों का निस्तारण कर दिया है। यह कुल शिकायतों का 84.19 प्रतिशत है।

अगस्त में जिले के 32 विभागों से संबंधित शिकायतें सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त हुईं। इनमें उत्तराखंड जल संस्थान, राजस्व विभाग, उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल), पुलिस विभाग और ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित शिकायतों की संख्या अधिक रही।
जिला प्रशासन की ओर से शिकायतों के निस्तारण के लिए शीघ्र कार्रवाई की गई। 702 में से 591 शिकायतों का समाधान होने के बाद शेष शिकायतों पर भी कार्रवाई जारी है। संबंधित विभागों को लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1905 के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है। शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान होने से आमजन को राहत मिलने के साथ ही शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
