DTN उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन दिवसीय उत्तरकाशी भ्रमण के पहले दिन चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। चीन सीमा से निकटता के कारण सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हवाई पट्टी आपदा प्रबंधन, आपातकालीन बचाव और वीवीआईपी आवाजाही के लिए भी अहम है।

इसके बाद मुख्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली स्थित तुल्याड़ा सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन और अचार निर्माण जैसी गतिविधियों से उन्हें रोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं। मुख्य सचिव ने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने डुंडा विकासखंड के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उन्हें ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और शैक्षणिक व खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव, कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित शुभम तथा गृह परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय की टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को भी सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन सिंहल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
