DTN पिथौरागढ़। ऐचोली-घाट रोड पर पुलिस चेकिंग देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 11.6 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़, चौकी ऐचोली, चौकी घाट और एसओजी की संयुक्त टीम ऐचोली से घाट रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस को देखते ही दोनों ने वहां से खिसकने की कोशिश की। संदेह बढ़ने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में एक युवक के पास से 6.8 ग्राम और दूसरे के पास से 4.8 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। बरामद स्मैक का कुल वजन 11.6 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल सिंह उर्फ जैकर, उम्र 26 वर्ष और सागर शर्मा, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कहां से आई स्मैक, किसे होनी थी सप्लाई?
पुलिस अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस स्मैक के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क पर है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कारोबार में इनके साथ और कौन लोग जुड़े हैं। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी, चौकी प्रभारी ऐचोली, उपनिरीक्षक सुरेश कम्बोज, चौकी प्रभारी घाट, कांस्टेबल गौरव सिंह, कांस्टेबल त्रिभुवन सिंह और एसओजी कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल।
