जिला योजना की धनराशि खर्च करने में विभागों की रफ्तार धीमी, अब समयसीमा में पूरा करना होगा काम

DTN पिथौरागढ़। जिला योजना के तहत स्वीकृत और अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष विभागों की खर्च की प्रगति 49.45 प्रतिशत ही पहुंच पाई है। आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना एवं राज्य योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने विभागवार वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उपलब्ध धनराशि वाली योजनाओं के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और शत-प्रतिशत धनराशि का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना के तहत जनपद को 7173.70 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं शासन स्तर से अवमुक्त हुई है। इसके सापेक्ष जिला स्तर से 5326.71 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं, जबकि 2634 लाख रुपये खर्च हुए हैं। जिला स्तर से अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष व्यय की प्रगति 49.45 प्रतिशत है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना और राज्य योजना के माध्यम से संचालित विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचना चाहिए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।