टनकपुर में ₹14 करोड़ की परियोजनाओं को रफ्तार, मीडिया सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण

DTN टनकपुर। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत टनकपुर में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर समेत विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। आज जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मीडिया सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों को निर्माण में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

टनकपुर क्षेत्र के लिए घोषित दो प्रमुख परियोजनाओं पर कुल 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इनमें नगर पालिका के लिए कम्युनिटी सेंटर और पत्रकारों की सुविधा के लिए आधुनिक मीटिंग हॉल, गेस्ट हाउस व कार्यस्थल की व्यवस्था शामिल है। जिलाधिकारी ने बताया कि योजनाओं के लिए प्रथम चरण में एक करोड़ रुपये की धनराशि मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक शुक्रवार को विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए। वहीं, उपजिलाधिकारी टनकपुर को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय सीमा से पहले उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, मीडिया सेंटर में बैठक, ठहरने और कार्य करने की सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के पत्रकारों को भी लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत, नगर पालिका के ईओ ऋषभ उनियाल, जेई विजेंद्र पोखरिया, जेई तनुजा शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।