विकास भवन में डीएम का छापा, नदारद मिले कर्मियों से जवाब-तलब

DTN पिथौरागढ़।  जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज  विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली व कार्यालयी व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अचानक हुए इस निरीक्षण से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ विभागों में बिना पूर्व अनुमति के ड्यूटी से नदारद मिले कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम ने उनके खिलाफ तत्काल स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, सहकारिता, ग्रामीण निर्माण तथा अर्थ एवं संख्या सहित विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका, कार्यालयों में साफ-सफाई और फाइलों के रखरखाव की जांच की। डीएम ने दो टूक कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्धता और जवाबदेही से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर दफ्तर पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बिना ठोस कारण और सक्षम अधिकारी की अनुमति के गायब रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी कि अपनी समस्याएं लेकर दफ्तर आने वाले आम नागरिकों व आगंतुकों के साथ शिष्ट व्यवहार किया जाए और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर विलंब न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करें तथा प्रत्येक सीट पर कर्मचारी की नेम प्लेट और उसके कार्यों व जिम्मेदारियों का स्पष्ट उल्लेख हो, ताकि आमजन को संबंधित पटल की जानकारी आसानी से मिल सके। साथ ही, सभी कार्यालयों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने कार्यालयों में अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री एकत्रित न होने देने और लंबे समय से पड़े कबाड़ का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दफ्तरों में साफ-सफाई, फाइलों का उचित रखरखाव और स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराना संबंधित कार्यालय अध्यक्ष की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार लाएं और दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।