DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के कुणिया ग्राम सभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 72.63 लाख रुपये की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत स्वीकृत इस कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 43.578 लाख रुपये जारी करने का शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

मार्ग निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि की 60 प्रतिशत राशि पहली किस्त के रूप में दी गई है। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ सकेगा।
वहीं, मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी किस्त के रूप में 328 करोड़ 27 लाख 80 हजार रुपये जारी करने की मंजूरी दी है। यह धनराशि अक्टूबर से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए पंचम राज्य वित्त आयोग के अनुसार आवंटित राशि के आधार पर स्वीकृत की गई है। छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियां आने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही यानी अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के लिए तीन गैर-निर्वाचित निकायों को कुल तीन करोड़ रुपये जारी करने की भी स्वीकृति दी गई है।
