बनबसा में खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, बैडमिंटन हॉल समेत विकास कार्यों का शिलान्यास

DTN बनबसा (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा के मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को दिनचर्या में शामिल करने और नशे से दूर रहने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा एनएचपीसी के सीएसआर मद से 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इन कार्यों से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का सम्मान करना जरूरी है। खेल किट से उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज की नींव हैं।

महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में करीब 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। इससे महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था की गई है। जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 बिस्तरों का क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर मरीजों के उपचार में मददगार होगा। वहीं, टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाएगा। मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वन विभाग को मिले तीन वाहन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कामकाज और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं और क्षेत्रवासियों से खेल, स्वास्थ्य और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनसहभागिता से विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है।

कार्यक्रम में दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका टनकपुर अध्यक्ष विपिन कुमार, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार और एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।