DTN देहरादून। उत्तराखंड में कल (30 अक्टूबर) को मौसम बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा के लिए सभी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सचिव ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा सड़क संगठन को मशीनरी व संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क बंद होने पर तत्काल यातायात बहाल करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम या खतरे की आशंका होने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने को कहा गया है। वहीं, ओलावृष्टि से प्रभावित लोगों को सहायता देने के लिए जिलों से नुकसान संबंधी प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव ने आमजन से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। आपदा संबंधी घटना की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर दी जा सकती है।
