देवभूमि टुडे न्यूज | टनकपुर। पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में टनकपुर में 14 करोड़ 25 लाख 52 हजार रुपये की लागत से आधुनिक मीडिया सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। आज को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। परियोजना को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने का लक्ष्य है। विभाग का प्रयास है कि निर्माण कार्य समय सीमा से पहले पूरा कर भवन का लोकार्पण कराया जाए।
उन्होंने बताया कि भवन के भूतल पर दो कम्युनिटी हॉल बनाए जाएंगे। प्रथम तल पर अत्याधुनिक मीडिया सेंटर होगा, जहां पत्रकारों के बैठने और कामकाज के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। भवन की ऊपरी दो मंजिलों में वीआईपी गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। इनमें चार सुइट और दो सामान्य गेस्ट हाउस शामिल होंगे।
विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत आदर्श चम्पावत की परिकल्पना की ओर आगे बढ़ रहा है। मीडिया सेंटर का निर्माण पत्रकारों की पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे टनकपुर के साथ पूरे पर्वतीय क्षेत्र की खबरों के संकलन और कवरेज में सुविधा मिलेगी।
मुख्य अतिथि हेमा जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार मीडिया को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। मीडिया सेंटर इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस केंद्र के बनने से सरकार, मीडिया और आमजन के बीच संवाद और बेहतर होगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, कमलेश भट्ट, अपर जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार चंद्र बल्लभ ओली मौजूद रहे।
