चंपावत जिला अस्पताल में तीन दिन लगेगा मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं

DTN चंपावत। जनपदवासियों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय चंपावत में 27, 28 एवं 29 नवंबर को मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय, कनिष्क सर्जिकल एवं सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (केएसएसएच), देहरादून तथा अपोलो हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ, किडनी रोग विशेषज्ञ, न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ तथा जनरल फिजिशियन अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पीएफटी, बीएमडी और ईसीजी की जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मरीजों को मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जनपदवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं जनपद में उपलब्ध कराने का उद्देश्य आमजन को गंभीर बीमारियों के उपचार और जांच के लिए बड़े शहरों में जाने की परेशानी से राहत दिलाना है।

स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में आने वाले मरीजों से अपने पुराने चिकित्सकीय पर्चे और जांच रिपोर्ट साथ लाने का अनुरोध किया है। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9410-550-980 और 7217-009-635 पर संपर्क किया जा सकता है।