नन्हीं परी को न्याय दिलाने बीसाबजेड से देहरादून तक आंदोलन, 29 को पिथौरागढ़ में महारैली

DTN पिथौरागढ़। नन्हीं परी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अब बीसाबजेड से देहरादून तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आज पंडा में नन्हीं परी के पिता महेश चंद के आवास पर हुई महापंचायत में आंदोलन की रूपरेखा तय करते हुए 29 दिसंबर को पिथौरागढ़ में न्याय महारैली आयोजित करने का एलान किया गया। वहीं, 22 दिसंबर को देहरादून के गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन कर न्याय की मांग उठाई जाएगी।

संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर हुई महापंचायत में उत्तराखंड सरकार से सुप्रीम कोर्ट में दायर रिव्यू पिटीशन पर प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को कठोर से कठोरतम सजा दिलाने की मांग की गई। तय किया गया कि आंदोलन की शुरुआत नन्हीं परी की जन्मभूमि बीसाबजेड से होगी और इसे प्रदेशभर में विस्तार दिया जाएगा।

महापंचायत में तय कार्यक्रम के अनुसार 21 दिसंबर को नन्हीं परी के माता-पिता देहरादून में प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी पीड़ा और न्याय की मांग सामने रखेंगे। 22 दिसंबर को गांधी पार्क में गांधीजी की प्रतिमा के समक्ष धरना देकर आवाज बुलंद करेंगे। इसके बाद 29 दिसंबर को पिथौरागढ़ में न्याय महारैली आयोजित की जाएगी।

आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए जिले के गांव-गांव और नगर क्षेत्रों में पंचायतें आयोजित कर लोगों को महारैली में शामिल होने का आह्वान किया जाएगा। घर-घर से राष्ट्रपति को पोस्टकार्ड भेजने, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजने, बैनर लगाने और हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया। जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों और प्रमुख नगरों में न्याय यात्रा निकालकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने की रणनीति बनाई गई।

महापंचायत में नन्हीं परी के पिता महेश चंद, चंद्री चंद, तारा चंद, संतोष चंद, व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष तपन रावत, ग्राम प्रधान संगठन के जिला महामंत्री लक्ष्मण घोटा, विण क्षेत्र प्रमुख प्रतिनिधि संतोष गोस्वामी, मूनाकोट के ज्येष्ठ प्रमुख जीवन वल्दिया, ऋषेन्द्र महर, राम सिंह बिष्ट, भावना नगरकोटी, दीपक लुंठी, जगत मर्तोलिया, बसंत पुनेठा, हेमराज बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य राकेश चंद, चंद्र शेखर पुनेडा, प्रकाश चन्द्र जोशी, गोविंद सिंह बिष्ट, गिरीश जोशी, दीपा तिवारी, मोहन चंद, ग्राम प्रधान नीरज चंद और सरिता ऐरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।