हल्द्वानी। कुमायूँ परिक्षेत्र में मादक पदार्थों के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल के नेतृत्व में 914.91 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया है। यह कार्यवाही 26 जून – अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के दृष्टिगत एक विशेष अभियान के तहत संचालित की गई थी।

नशे के कारोबार पर करारा प्रहार
कुल 324 अभियोगों से जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण औषधि व्ययन समिति द्वारा वैज्ञानिक, विधिसम्मत एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ग्लोबल इनवायरमेंटल साल्यूशन, लम्बाखेड़ा में दहन विधि से किया गया। यह मात्रा अब तक के वर्षों में की गई कार्रवाई में सर्वाधिक है, जो यह दर्शाता है कि कुमायूँ पुलिस नशे के खिलाफ लड़ाई में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
आईजी की पहल
आईजी ने न केवल सभी जनपदों के थाना स्तर तक व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया, बल्कि यह सुनिश्चित किया कि माननीय न्यायालयों से स्वीकृत मामलों में जब्त मादक पदार्थ अनावश्यक रूप से मालखानों में लंबित न रहें। इस विशेष अभियान के अंतर्गत वर्ष 1985, 1995 और 1998 जैसे अत्यंत पुराने से पुराने अभियोगों में मालखानों में वर्षों से लंबित जब्त मादक पदार्थों सहित वर्ष 2025 तक के मालों को चिन्हीकृत कर निस्तारित किया गया।
आगे भी जारी रहेगी यह प्रक्रिया
आईजी ने कुमायूँ परिक्षेत्र के समस्त जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि यह प्रक्रिया निरन्तर जारी रहेगी।
वर्षवार मादक पदार्थों का निस्तारण
वर्ष 2022 में 292 किग्रा
वर्ष 2023 में 719 किग्रा
वर्ष 2024 में 57.699 किग्रा
वर्ष 2025 में 914.91 किग्रा
