जनपद में किसी भी स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की खेती या व्यापार बर्दाश्त नहीं, संयुक्त टीमें चलाएंगी गांव-गांव सघन चेकिंग अभियान
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एनसीऑर्ड (NCORD) एवं राजस्व-पुलिस समन्वय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस जनपद में अवैध भांग, अफीम, खसखस और पोस्त की खेती के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर रहा।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने बैठक में स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की खेती या व्यापार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर तत्काल गांव-गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाने और जहां भी अवैध खेती मिले, उसे तत्काल नष्ट करने का आदेश दिया।
पिछले साल हुई थी बड़ी बरामदगी
बैठक में जानकारी दी गई कि पिछले वर्ष पुलिस ने नशे के कई बड़े अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था और भारी मात्रा में चरस और स्मैक भी बरामद की गई थी। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक रेखा यादव को निर्देशित किया कि इस तरह के अभियानों को और अधिक तेज किया जाए।
बच्चों पर नजर, काउंसिलिंग अनिवार्य
डीएम ने शिक्षा विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति पर नियमित निगरानी रखी जाए। साथ ही, जिन छात्रों में नशे की प्रवृत्ति दिखती है, उनकी तत्काल काउंसिलिंग कराई जाए।
जागरूकता के लिए बाइक रैली और खेलकूद
समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया गया कि वह पोस्टर, पंपलेट, बाईक रैली, युवा महोत्सव और खेलकूद कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के प्रति जनजागरूकता बढ़ाए।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई जारी
बैठक में बताया गया कि जनपद की ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) टीम लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही है। सोशल मीडिया, वीडियो और पोस्टर के माध्यम से भी लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा रहा है।
नशा मुक्ति केंद्र और मेडिकल स्टोर पर सख्ती
डीएम ने नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, सभी मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच करने और उन सभी में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के आदेश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के साथ संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

