पिथौरागढ़ का युवक पुणे से लापता, 8 नवंबर से फोन बंद; ‘रूम जाने’ के बाद से नहीं मिला कोई सुराग

पिथौरागढ़। जिले के लंथुरा गांव के रहने वाले एक युवक के पुणे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो जाने से उनके परिजन बेहद चिंतित हैं। पुणे के एक स्थानीय होटल में कार्यरत राजेन्द्र सिंह लूंठी (उम्र लगभग 37 वर्ष) बीते 8 नवंबर, की शाम 4 बजे से लापता हैं। युवक का फोन तब से ही बंद आ रहा है, जिससे उसके अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र सिंह लुंठी पुत्र गणेश सिंह लुंठी मूल रूप से पिथौरागढ़ के लुंथोरा गांव के निवासी हैं और रोजगार के सिलसिले में पुणे में रह रहे थे। वह पुणे के एक होटल में काम करते थे। 8 नवंबर की शाम करीब 4 बजे, राजेन्द्र ने अपने सहकर्मियों को बताया कि वह अपने कमरे की ओर जा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि उस दिन के बाद से ही उनका कोई सुराग नहीं मिला है। उनके पिता गणेश सिंह लुंठी ने बताया कि शाम 4 बजे के बाद जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका फोन स्विच ऑफ आने लगा। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजन पुणे पहुंचे, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। परिवार ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस इस मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं कर पाई है। परिवार का कहना है कि वे अपने पुत्र के लिए दिन-रात परेशान हैं और उन्हें डर है कि कहीं उनके साथ कुछ गलत न हो गया हो।
राजेन्द्र सिंह लुंठी के परिवार ने लोगों से सहयोग की अपील की है। उनका हुलिया इस प्रकार है:
– नाम: राजेन्द्र सिंह लुंठी
– उम्र: लगभग 37 वर्ष
– चेहरा/रंग: गोल चेहरा, साँवला रंग
– लम्बाई: लगभग 5 फीट
– वस्त्र: लापता होने के समय उन्होंने पीले भूरे रंग की टी-शर्ट और लोअर पहना था, तथा पांव में चप्पल थी।
राजेन्द्र सिंह लुंठी के पिता गणेश सिंह लुंठी ने भावुक अपील करते हुए कहा है कि उनकी एक छोटी सी जानकारी भी उनके बेटे को वापस लाने में मदद कर सकती है।
====================================
यदि किसी भी व्यक्ति को उक्त हुलिए का कोई भी व्यक्ति कहीं भी दिखाई देता है, या राजेन्द्र सिंह लुंठी के बारे में कोई भी सूचना प्राप्त होती है, तो वे तुरंत उनके पिता को निम्न संपर्क नंबरों पर सूचित करने का कष्ट करें।
संपर्क सूत्र (पिता गणेश सिंह लुंठी):
08954896041, 07217019970
