मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

दन्या में कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

DTN अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री के आगामी 21 जून को प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज दन्या स्थित राजकीय महाविद्यालय एवं रामलीला मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल के रूप में चिन्हित खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड से संबंधित व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड तक सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।