100 डेज टीबी कैंपेन के तहत डडा बिष्ट और कुलेठी में हुई स्क्रीनिंग, ग्रामीणों को किया जागरूक
DTN चंपावत। जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में आज ‘100 डेज टीबी कैंपेन’ के तहत हाई रिस्क गांव डडा बिष्ट और कुलेठी में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों की टीबी स्क्रीनिंग के साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक नागरिक की समयबद्ध स्क्रीनिंग कर बीमारी के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य कर्मियों ने टीबी के प्रमुख लक्षणों, समय पर जांच कराने के महत्व, नियमित उपचार और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही लोगों से बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करने की अपील की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की जांच कर संभावित मरीजों की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस दौरान कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर कंचन जोशी, जिला कार्यक्रम समन्वयक अशोक जोशी, एक्स-रे तकनीशियन सुमित चंद सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
