जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: शिविरों में उमड़ा जनसैलाब, 1281 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

पिथौरागढ़। शासन के निर्देशों के तहत संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ में जनसेवा शिविरों का क्रम जारी है। इसी क्रम में न्याय पंचायत दुर्लेख के राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी, विकासखंड डीडीहाट में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में हुआ।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान लगभग 650 लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 786 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 90 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 65 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्यवाही के लिए भेजा गया। शिविर में दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह सहित 28 जनप्रतिनिधि एवं 113 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

न्याय पंचायत लोहाथल के प्राथमिक विद्यालय स्यौली, विकासखंड बेरीनाग में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया। इसमें करीब 615 लोगों ने भाग लिया और 495 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला। यहां 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 59 का मौके पर निस्तारण किया गया।

दोनों शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, शिक्षा, पेयजल, लोक निर्माण सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी एवं पंचायत भवन निर्माण से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों को शिविरों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया।