DTN चंपावत। पिथौरागढ़-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज बनलेख वन चौकी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल चंपावत में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार स्वीफ्ट डिजायर कार संख्या यूके 05 टीए 5045 खटीमा के चकरपुर से पिथौरागढ़ के चंडाक की ओर जा रही थी। कार में चार लोग सवार थे। बनलेख वन चौकी के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में नरेंद्र राम (32), पुत्र हेम राम, निवासी बांस, मेतोली (चंडाक), पिथौरागढ़ की मौत हो गई।
घायलों में कार चालक रोहित कुमार (26), जमन राम (60) और हरि राम (62) शामिल हैं। तीनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किस कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
