DTN देहरादून। मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनसमस्याओं, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को क्षतिग्रस्त एवं निर्माणाधीन सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए 15 अक्टूबर तक सभी बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही पर संबंधित की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ रोकने के लिए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए नशे के नेटवर्क और सप्लाई चेन पर प्रभावी प्रहार करने के साथ युवाओं के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मानसून एवं संभावित आपदाओं के दृष्टिगत सभी जिलों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
