पिथौरागढ़। नगर निगम पिथौरागढ़ द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए ठोस एवं स्थायी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नैनीपातल स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़ा निस्तारण केन्द्र एवं एमआरएफ सेंटर की स्थापना के लिए आज नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी एवं पार्षदों ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि यह योजना पिथौरागढ़ और नैनीपातल क्षेत्र को कचरामुक्त व स्वच्छ बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे क्षेत्र की जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखा जा सकेगा। कूड़ा निस्तारण केन्द्र का मुख्य उद्देश्य कचरे को एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण करना तथा उससे उपयोगी उत्पाद, जैसे जैविक खाद, तैयार करना है। इससे गंदगी, दुर्गंध और बीमारियों से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि नैनीपातल क्षेत्र में वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट को समाप्त कर क्षेत्र को पूरी तरह कूड़ामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी ने जानकारी दी कि स्थायी कूड़ा निस्तारण केन्द्र की स्थापना के लिए मुख्य सड़क से एमआरएफ ग्राउंड तक 171.79 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। 286.71 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ सेंटर तथा अन्य आधुनिक उपकरणों की स्थापना के लिए स्थायी भवन का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस केन्द्र में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाएगा। गीले कचरे, जैसे सब्जी और फलों के छिलकों से खाद तैयार की जाएगी, जबकि सूखे कचरे, जैसे प्लास्टिक और लोहे का अलग से निस्तारण किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता पंकज कुमार, पार्षद विक्रम वाल्मीकी, भूपेन्द्र कठायत, मोहित चौसाली, अवर अभियंता उमेश अवस्थी, कनिष्ठ अभियंता गिरीश जोशी, मानचित्राकार नंदाबल्लभ पाण्डेय, जगदीश पाण्डेय, ललित मोहन कापड़ी, रितिक चन्द, सुरेश राम, लक्ष्मण चन्द उपस्थित रहे।
