पिथौरागढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने पत्नी को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

पिथौरागढ़।  जनपद से एक सनसनीखेज घरेलू अपराध का मामला सामने आया है। पिथौरागढ़ मुख्यालय क्षेत्र में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सीने और गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जाखनी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने वाले 40 वर्षीय राजेश राम लाबड़ का आज सुबह अपनी पत्नी नीलम उर्फ निर्मला देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान राजेश राम लाबड़ ने चाकू से पत्नी के सीने और गले पर कई वार कर दिए, जिससे निर्मला देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया गया कि राजेश राम लाबड़ मूल रूप से विकासखंड मूनाकोट के झूलाघाट क्षेत्र अंतर्गत कानड़ी गांव का निवासी है। वह वर्तमान में महाराष्ट्र के पुणे में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और कुछ दिन पूर्व ही छुट्टी पर घर आया हुआ था। दंपति के दो बच्चे भी बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। हत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।