पिथौरागढ़ में शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन, अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

पिथौरागढ़। देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों की स्मृति में आज पिथौरागढ़ में शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज 11:00 बजे से 11:02 बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर सहित सभी शासकीय, अर्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया गया।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपस्थित नागरिकों ने अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर मौन धारण किया और स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान जनपद में सामान्य कार्य एवं गतिविधियां दो मिनट के लिए स्थगित रहीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहीद दिवस मनाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों से अवगत कराते हुए उनमें देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्व में सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे।