देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर और पिथौरागढ़ के सुचारू संचालन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शासन द्वारा जिला चिकित्सालय रुद्रपुर तथा पिथौरागढ़ के जिला एवं महिला चिकित्सालय को चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिन कुर्वे ने इस संबंध में कार्यालय ज्ञापन जारी करते हुए बताया कि पं. रामसुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के संचालन हेतु जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ के संचालन के लिए बी.डी. पांडेय जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ को चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखंड को हस्तांतरित किया गया है। उल्लेखनीय है कि ये सभी चिकित्सालय अभी तक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीन संचालित हो रहे थे।
शासनादेश के अनुसार हस्तांतरण के बाद संबंधित चिकित्सालयों का प्रशासनिक और वित्तीय नियंत्रण मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अथवा निदेशक के अधीन रहेगा। मेडिकल काउंसिल के मानकों के अनुरूप आवश्यक उपकरणों और औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अब चिकित्सा शिक्षा विभाग की होगी।
इसके अतिरिक्त इन चिकित्सालयों में कार्यरत कार्मिकों के वेतन का भुगतान एक वर्ष तक वर्तमान व्यवस्था के तहत चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। एक वर्ष की अवधि पूर्ण होने के बाद इन चिकित्सा इकाइयों का पूर्ण संचालन चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा।
