चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल जनपद चम्पावत के भ्रमण पर रहेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री टनकपुर में बहुप्रतीक्षित ‘शारदा कॉरिडोर’ योजना का शिलान्यास करेंगे तथा विभिन्न जनसंवाद कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः 10:50 बजे शारदा घाट, टनकपुर पहुंचेंगे। यहां वे ‘शारदा कॉरिडोर’ का शिलान्यास कर जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे माघ खिचड़ी आयोजन में भी सहभागिता करेंगे और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इस योजना को क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन और आधारभूत विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री बनबसा (चम्पावत) स्थित एनएचपीसी विश्राम गृह पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:00 बजे से 01:45 बजे तक ‘बजट पूर्व संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संवाद में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और हितधारकों से आगामी बजट के संबंध में सुझाव लिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य बजट को अधिक जनोन्मुखी और विकासोन्मुख बनाना है।
कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री उधमसिंह नगर जनपद के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
