जन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता, जनता मिलन में 83 शिकायतें दर्ज

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज  जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनता मिलन कार्यक्रम में आर्थिक सहायता, आवास, पेयजल, सोलर लाइट, आपदा से क्षतिग्रस्त ग्रामीण योजनाओं की मरम्मत, जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़, रोजगार, जर्जर सड़कों का सुधारीकरण, विद्युत आपूर्ति और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें तत्काल निस्तारित की जा सकती हैं, उनका समाधान तुरंत किया जाए तथा शेष मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए।

ग्राम मंच की हीरा देवी ने वृद्धा पेंशन संबंधी शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम नाकोट के भवान सिंह और ग्राम मैरोली के कृष्णानंद ने गौशाला निर्माण की मांग उठाई। इस पर खंड विकास अधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। ग्राम कठनौली की तारी महर ने विकलांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया।

ग्राम खूनाबोरा के बहादुर सिंह ने पेयजल समस्या उठाई। अधिशासी अभियंता जल संस्थान को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम ढकना बडोला की आनंदी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने की मांग की। ग्राम सिलाड़ के पंकज रैंसवाल ने रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर जिला सेवायोजन अधिकारी को रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम गंगनौला के खड़क प्रसाद ने आपदा में क्षतिग्रस्त मकान की सुरक्षा दीवार टूटने की शिकायत दर्ज कराई। उपजिलाधिकारी को निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। पाटी की रेखा मौनी ने आर्थिक सहायता की मांग रखी, जबकि ग्राम भिंगराड़ा के टीकाराम ने सीसी मार्ग निर्माण का मामला उठाया। ग्राम कमलेख के मोनू विश्वकर्मा ने छात्रवृत्ति न मिलने की शिकायत की। चौड़ासेठी के दीवान सिंह ने अत्यधिक विद्युत बिल आने की समस्या बताई। ग्राम नघान की रीता भट्ट ने आधार कार्ड संशोधन में आ रही दिक्कत से अवगत कराया।

इसके अतिरिक्त रेखा थापा, दीपक चौधरी, ममता देवी, सुनीता देवी, प्रताप सिंह, धन सिंह, गिरीश चंद्र, दीपक टम्टा, मोहन पांडेय, हेमा देवी, सुमन देवी, ईश्वरी देवी, रोशन राम, विनोद कुमार समेत अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही राहत मिले।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, अधिशासी अभियंता विद्युत विजय सकारिया, खंड विकास अधिकारी चंपावत अशोक अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर (वर्चुअल माध्यम से) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।