तहसील भवन तैयार, लेकिन अधूरी सड़क-पार्किंग पर भड़के डीएम; अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने आज कनालीछीना स्थित नवनिर्मित तहसील भवन और पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद अप्रोच रोड और पार्किंग का कार्य अधूरा है, जिससे भवन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्थानीय प्रशासन की शिथिलता पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर ही निर्माण सामग्री जैसे सरिया, सीमेंट और रोड़ी के सैंपल की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच आवश्यक है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर अप्रोच रोड और पार्किंग सहित सभी कार्य पूर्ण कर तहसील भवन को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पांडे, तहसीलदार राम प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।