पिथौरागढ़। जनपद के जाखनी क्षेत्र में आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने क्रॉप कटिंग कार्यक्रम के तहत रबी की मुख्य फसल गेहूं की कटाई का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं खेत में पहुंचे और गेहूं की फसल काटकर पूरी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसल उत्पादन का सटीक आकलन किया जाता है, जो किसानों को मुआवजा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए, जिससे वास्तविक उत्पादन का सही आंकलन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के सभी चयनित स्थलों पर क्रॉप कटिंग का कार्य गंभीरता और सटीकता के साथ किया जाए। साथ ही किसानों को जागरूक कर इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय किसान मौजूद रहे।

