पिथौरागढ़ में नीट परीक्षा की तैयारियां तेज, दो केंद्रों पर 552 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

पिथौरागढ़। जनपद में आगामी नीट परीक्षा को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जनपद में इस बार दो परीक्षा केंद्र—केंद्रीय विद्यालय, भरकटिया और जवाहर नवोदय विद्यालय, मरसौली—पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 552 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा से पूर्व सभी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी अभ्यर्थी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में परीक्षा दे सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य भुवन जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।