पिथौरागढ़ (अस्कोट)। सीमांत जनपद के अस्कोट थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वालीसेरा निवासी 50 वर्षीय भुवन प्रसाद अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता देवी के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात घर लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर भुवन प्रसाद ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था या नहीं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

