99 हजार की चपत लगाने वाला मथुरा का ‘साइबर ठग’ गिरफ्तार

पिथौरागढ़। जनपद में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे शातिर साइबर ठग को उत्तर प्रदेश के मथुरा से दबोच लिया है। आरोपी ने एक व्यक्ति के बैंक खाते पर हाथ साफ कर ₹99 हजार की ऑनलाइन चपत लगाई थी।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2022 को पीड़ित हरी सिंह ने ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच में साइबर सेल और थल पुलिस ने तकनीकी सुराग जुटाए, तो तार मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र से जुड़े मिले। आरोपी की पहचान साबिर उर्फ शब्बू निवासी देवसेरस (मथुरा) के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी को पहले नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने को कहा था, लेकिन शातिर ठग ने उसे अनसुना कर दिया। आरोपी न तो थाने पहुंचा और न ही कोर्ट में पेश हुआ। इसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा कर उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और आखिरकार उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय अपर उप निरीक्षक भुवन चन्द्र पाण्डेय, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार शामिल रहे।