ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बलुवाकोट पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुजफ्फरनगर से सकुशल बरामद की गई लापता महिला

बलुवाकोट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत बलुवाकोट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कड़े प्रयासों और तकनीकी विंग की मदद से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक लापता महिला को सकुशल बरामद कर लिया है। महिला के सुरक्षित घर लौटने से उसके परेशान परिजनों के चेहरे पर एक बार फिर खुशी लौट आई है और उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की जमकर सराहना की है।
पूरा मामला बीते माह का है जब 29 अप्रैल को बलुवाकोट के रहने वाले एक व्यक्ति ने स्थानीय थाने में आकर अपनी पत्नी की गुमशुदगी की तहरीर दी थी। पीड़ित पति ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी बिना बताए कहीं चली गई है और काफी समय बीत जाने के बाद भी घर नहीं लौटी है। तहरीर मिलने से पहले परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और सभी संभावित ठिकानों पर महिला की काफी खोजबीन की थी, लेकिन काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया था। थक-हारकर आखिरकार परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
इस संवेदनशील मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष बलुवाकोट नीमा बोहरा के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और महिला की खोजबीन तेज कर दी गई। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने पारंपरिक मैन्युअल इंटेलिजेंस और आधुनिक टेक्निकल इनपुट को आपस में जोड़ा। इस दौरान सर्विलांस सेल की मदद से लापता महिला की मोबाइल लोकेशन को लगातार ट्रैक किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद सर्विलांस टीम को महिला की एक सटीक लोकेशन उत्तर प्रदेश में मिली। लोकेशन की पुष्टि होते ही बलुवाकोट पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के अंतर्गत आने वाले थाना छपार के खनदरिया क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए महिला को वहां से सकुशल बरामद कर लिया। थाने लाकर सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कामयाब कार्रवाई को अंजाम देने वाली मुख्य टीम में थानाध्यक्ष नीमा बोहरा और थाना बलुवाकोट के कांस्टेबल भवानी राम शामिल रहे, जबकि पर्दे के पीछे से तकनीकी सहयोग प्रदान करने वाली सर्विलांस टीम में अपर उप-निरीक्षक हेम चन्द्र सिंह और कांस्टेबल कमल तुलेरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।