DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने जनपद भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों, सिविल सोसायटी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद कर विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए तथा अधिकारियों को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जमीनी स्तर पर आकलन कर जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव स्तर के अधिकारी, मंडलीय आयुक्त, विभागीय अधिकारी और जिलाधिकारी लगातार जनपदों का भ्रमण कर विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में पिथौरागढ़ में विकास कार्यों, राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लोगों से सुझाव लिए गए हैं।
सचिव मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठकों के दौरान प्राप्त सुझावों और फीडबैक को शासन स्तर पर गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. पाण्डेय ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टीकरण” के मंत्र के अनुरूप कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ विभागों का कार्य संतोषजनक है, जबकि कुछ विभागों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि विभागीय समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं और उनमें जनप्रतिनिधियों व नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सप्ताह में कम से कम दो दिन क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों और योजनाओं का निरीक्षण किया जाए। इससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति का पता चलता है और जनता से सीधा संवाद स्थापित होता है।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्य गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ समय पर पूरे हों। इसके लिए सभी अधिकारियों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मेयर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, ब्लॉक प्रमुख महिमन कन्याल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेन्द्र रावत, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
