जिला अस्पताल में 24×7 हेल्प डेस्क शुरू, 9045848889 पर मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी

डीएम के औचक निरीक्षण में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल, लापरवाही पर लगाई फटकार

DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में मिली कमियों और लापरवाही पर उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अस्पताल के सभी संसाधनों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, पंजीकरण काउंटर, दवा भंडार और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही सभी अभिलेख अद्यतन रखने, चिकित्सकों व कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, नाम पट्टिका और निर्धारित एप्रन पहनने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने वार्डों में बेडशीट, कंबल और मरीजों के भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा प्राप्त शिकायतों के समाधान के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। इस दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय में स्थापित 24×7 हेल्प डेस्क का शुभारंभ करते हुए 9045848889 संपर्क नंबर जारी किया। इस नंबर पर आमजन चिकित्सकों की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवा और अस्पताल की अन्य सुविधाओं की जानकारी चौबीसों घंटे प्राप्त कर सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।