देवभूमि टुडे न्यूज | पिथौरागढ़। जनपद में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर दिखाई देने लगा है। आज सुबह 8 बजे तक प्राप्त वर्षा आंकड़ों के अनुसार कई तहसीलों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक डीडीहाट में 102.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि थल में 83.0 मिमी, तेजम में 73.0 मिमी, बेरीनाग में 72.0 मिमी, कनालीछीना में 53.3 मिमी और देवलथल में 50.0 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार जिले में फिलहाल बादल छाए हुए हैं।

लगातार बारिश के कारण जिले में कुल 22 सड़क मार्ग बंद हैं। इनमें 18 ग्रामीण सड़कें, 3 बॉर्डर रोड तथा 1 एनएच मार्ग शामिल है। कई स्थानों पर मलबा, बोल्डर गिरने और सड़क क्षतिग्रस्त होने से यातायात बाधित है।
बीआरओ के अंतर्गत धारचूला-तवाघाट, तवाघाट-गूंजी और मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग सहित कई प्रमुख मार्गों पर मलबा हटाने का कार्य जारी है। वहीं पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और एनपीसीसी के अधीन कई ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा मशीनें लगाकर मार्ग खोलने का कार्य किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। संबंधित विभागों की टीमें बंद सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने में जुटी हुई हैं।
