जिला पंचायत सदस्य राकेश चन्द को मिली नई जिम्मेदारी, भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नियुक्त

DTN पिथौरागढ़। जिला पंचायत सदस्य राकेश चन्द को भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के गोरखा प्रकोष्ठ में प्रदेश सह संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राकेश चन्द लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन ने उनके अनुभव, कार्यशैली और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए यह दायित्व सौंपा है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से गोरखा समाज और संगठन के बीच समन्वय को और मजबूती मिलेगी।

नियुक्ति के बाद राकेश चन्द ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उनकी नियुक्ति पर विधायक बिशन सिंह चुफाल, विष्णु जोशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।